दुनिया के अलग-अलग कोनों में रहने वाले लोग अपनी खानपान की संस्कृति और परंपराओं को लेकर पहचाने जाते हैं। हर देश का भोजन उसकी सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा होता है। ऐसा ही एक लोकप्रिय व्यंजन है हम्मस, जो इजराइल समेत मध्य पूर्वी देशों में बड़े चाव से खाया जाता है। भारत में भले ही यह डिश अधिक प्रसिद्ध न हो, लेकिन जो लोग हेल्दी और स्वादिष्ट खाना पसंद करते हैं, उनके लिए हम्मस एक बेहतरीन विकल्प है। यह एक शाकाहारी डिश है जो न केवल प्रोटीन से भरपूर होती है, बल्कि इसका स्वाद भी बेहद लाजवाब होता है।
हम्मस दरअसल एक क्रीमी डिप या स्प्रेड होता है, जिसे उबले हुए छोले (काबुली चना) और कुछ अन्य सामग्रियों को मिलाकर बनाया जाता है। यह डिश ना सिर्फ पोषण से भरपूर है बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। बाजार में मिलने वाली आम सामग्रियों से इसे महज 10 मिनट में घर पर तैयार किया जा सकता है। चलिए जानते हैं हम्मस बनाने की आसान विधि।
हम्मस बनाने के लिए जरूरी सामग्री:
1 कप उबले हुए काबुली चने
1-2 हरी मिर्च (कटी हुई)
3-4 लहसुन की कलियां
1 छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा
1 बड़ा चम्मच सफेद तिल
2 छोटे चम्मच नींबू का रस
स्वादानुसार नमक
चुटकीभर काली मिर्च
2 बड़े चम्मच गाढ़ा सूखा दही
4-5 बर्फ के टुकड़े
सजावट के लिए हरा धनिया और ऑलिव ऑयल
हम्मस बनाने की विधि:
काबुली चने की तैयारी- सबसे पहले उबले हुए काबुली चनों की ऊपरी परत (छिलका) हटा लें। यदि समय की कमी हो तो यह चरण छोड़ सकते हैं, लेकिन छिलका हटाने से हम्मस और ज्यादा क्रीमी बनता है।
मिक्सिंग प्रोसेस- अब मिक्सर जार में उबले हुए चने, लहसुन, कटी हरी मिर्च, भुना हुआ जीरा, सफेद तिल, नींबू का रस, नमक, काली मिर्च, सूखा दही और बर्फ के टुकड़े डालें। सभी सामग्री को अच्छे से पीसकर एक गाढ़ा और चिकना पेस्ट तैयार करें।
सजावट और परोसना
तैयार हम्मस को एक प्लेट में गोल घेरा बनाते हुए फैलाएं। ऊपर से थोड़ा ऑलिव ऑयल और हरा धनिया डालकर सजाएं। आप चाहें तो पपर या चिली फ्लेक्स भी छिड़क सकते हैं।
साथ में क्या खाएं?
इस स्वादिष्ट डिप को आप बची हुई रोटियों को रोस्ट कर या टोस्ट ब्रेड को काटकर उनके साथ परोस सकते हैं। इन्हें तवे पर कुरकुरा सेककर हम्मस के साथ सर्व करें। चाहें तो ऊपर हल्का चाट मसाला भी छिड़क सकते हैं।
क्यों खास है हम्मस?
यह डिश शुद्ध शाकाहारी है और प्रोटीन से भरपूर होती है।
इसमें फाइबर, आयरन, विटामिन बी और हेल्दी फैट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
वेट लॉस डाइट फॉलो कर रहे लोगों के लिए भी यह एक बेहतरीन ऑप्शन है।
इसे आप बच्चों के टिफिन में ब्रेड या चपाती के साथ दे सकते हैं।